खत्म हो गई दाहा से टीकरी जाने वाली सड़क, ग्रामीण परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। दाहा से टीकरी जाने वाली सड़क पूरी तरह से खत्म हो गई है। पिछले तीन साल से इसके निर्माण की मांग विधायक और सांसद से क्षेत्रवासी कर चुके हैं, लेकिन इस तरफ उनका कोई ध्यान नहीं है। सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग से दोघट, टीकरी, निरपुड़ा, दाहा के हजारों ग्रामीण प्रतिदिन गुजरते हैं। बारिश के समय में अब इस मार्ग पर चलना भी मुश्किल हो गया है। दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने हेल्प लाइन नंबर 1076 पर भी इसके निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। तब लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर फोन आया था और तीन माह में इसका निर्माण कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक मार्ग का निर्माण नहीं हुआ। इसी तरह से दाहा से निरपुड़ा मार्ग जो चार किलोमीटर लंबा है, उसकी हालत भी जर्जर हो चुकी है। दोघट से सूजती जाने वाला मार्ग भी गड्ढों में तब्दील हो चुका है, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का इस तरफ भी ध्यान नहीं है।
चौगामा विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष जगपाल सिंह लोक निर्माण के प्रमुख सचिव को इस संबंध में पत्र सौंपा था। अभी तक उस पर भी कोई अमल नहीं हुआ। लोनिवि के अवर अभियंता वरुण बालियान ने बताया दाहा से टीकरी मार्ग का प्रस्ताव लखनऊ भेजा हुआ है, जो शीघ्र स्वीकृत हो जाएगा, इसका निर्माण कार्य करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा क्षेत्र के दाहा से निरपुड़ा, दोघट से सूजती इसके अलावा और कई मार्गों का प्रस्ताव भी लखनऊ भेजा है। स्वीकृति मिलते ही सभी मार्गों का निर्माण कराया जाएगा।