बिजली कटौती से परेशान लोगों का आखिरकार धैर्य जवाब दे गया। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने बिजली कटौती पर गुस्सा जताया। बैठकें की, बिजलीघर और कलक्ट्रेट पर ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन भी किया।
बुधवार को मीतली के लोग एकत्रित होकर पहले अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित बिजली घर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पांच दिनों से गांव की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।
किसानों की फसलें सूख रही है। बिजली सप्लाई की व्यवस्था सही न होने तक बिल जमा न करने और विभाग के किसी भी कर्मचारी को गांव में न घुसने देने की चेतावनी दी।
बिजली कार्यालय पर कोई कर्मचारी न मिलने पर ग्रामीणों ने एसई कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट पर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों में सतेंद्र, सतीश, ताराचंद, राकेश, रमेश, संजय, वीरेंद्र, ओमपाल मौजूद रहे।
ग्राम टीकरी के लोगों ने भी ने एक्सईन कार्यालय पर बिजली कटौती के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव में आठ घंटे सप्लाई करने तथा बिजली के बढ़े हुए बिलों को खत्म करने की मांग की। उनका कहना था कि अगर किसानों की मांगें पूरी न हुई तो किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर होंगे।
इस मौके पर ग्राम प्रधान धनपाल सिंह, यशपाल सिंह, ब्रहम सिंह, संजय, मोहम्मद वकील, मुकेश, रमेश कुमार, बिरेंद्र, सुभाष चंद, सतीश कुमार, देवेंद्र मौजूद रहे।
बिजली नहीं आने पर जताया रोष
बागपत शहर में हो रही बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद सईद अहमद सिद्दीकी के कार्यालय पर हुई बैठक में बिजली की समस्या पर रोष जताया।
सईद अहमद ने कहा कि शहर में मात्र 16 घंटे बिजली का आदेश होने के बावजूद मुश्किल से 8-9 घंटे बिजली दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं दी गई तो शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद एसडीएम कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से वीरेंद्र यादव, अब्दुल बाशिद, डॉक्टर राम नेहर, नीरज यादव, आमिर, फुरकान, रईस अहमद, हारुण, राशिद, खलील, बाहव, पपपी, नाजिम मौजूद रहे।