खेकड़ा। बृहस्पतिवार को किसानों की चक्का जाम और दिल्ली कूच करने की घोषणा के चलते बागपत पुलिस प्रशासन ने पहले ही अपनी व्यवस्था चाक चौबंद कर ली। बागपत जनपद और आस पास के किसान बृहस्पतिवार को खेकड़ा से होते हुए दिल्ली नहीं जा पाएंगे। पुलिस प्रशासन ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए बैरिकेटिंग करा दी है।
नये तीनों कृषि बिलों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर पंजाब के किसान सिंधु बॉर्डर पर और यूपी के किसान यूपी गेट पर धरनारत हैँ। किसान सरकार से कृषि बिल को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। किसान बृहस्पतिवार को दिल्ली कूच करेंगे। पुलिस प्रशासन ने खेकड़ा में उन्हें रोकने के लिए व्यवस्था चाक चौबंद कर ली है। पुलिस प्रशासन ने ईपीई (ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे ) पर मावी कला टोल नाके के पास और दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर बैरियर लगाए हैं। साथ ही पुलिस बल तैनात किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया दिल्ली जाने वाले किसानों को रोकने के लिए बैरिकेटिंग के साथ ही पुलिस बल तैनात किया है।