- ललितपुर जेल से कचहरी में पेशी पर लाया जा सकता है कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला एवं सत्र न्यायालय में मंगलवार को प्रवीण उर्फ बब्बू हत्याकांड में वादी नवीन ढाका की गवाही होगी। इसमें ललितपुर जेल में बंद कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका को भी कचहरी में पेशी पर लाया जा सकता है।
ढिकौली गांव में 28 अक्तूबर 2024 की रात में प्रवीण उर्फ बब्बू की पांच गोलियां मारकर और बलकटी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसमें बब्बू के भाई नवीन ढाका ने गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ज्ञानेंद्र ढाका और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सोनू निवासी तमेलागढ़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि हत्यारोपी संजय उर्फ पिंटू ने एक मुकदमे में जमानत तुड़वाकर मेरठ के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था।
कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्याकांड में अरुण लुहारी समेत अन्य आरोपी भी जेल में बंद हैं। कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका को ललितपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मुकदमे के वादी और गवाह नवीन ढाका ने बताया कि मंगलवार को गवाही का दिन नियत किया गया है। उधर, ललितपुर जेल से ज्ञानेंद्र ढाका के धमकी देने के बाद से उनकी सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।