खेकड़ा निवासी आदेश खेरीवाल की पेंटिंग जो 26 जनवरी को दिल्ली राजपथ पर प्रदर्शित होगी
- फोटो : KAHKRA
गणतंत्र दिवस पर चित्रों का अवलोकन करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। गांधी विद्यालय में कला के छात्र रहे आदेश खेरीवाल की पेंटिंग 26 जनवरी को राजपथ पर प्रदर्शित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आर्ट गैलरी का अवलोकन करेंगे। कलाकार की उपलब्धि से नगर में खुशी का माहौल है।
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में चितकारा विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट एवं संस्कृति मंत्रालय व रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में कला महाकुंभ का आयोजन किया गया। इस महाकुंभ में देशभर के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे 250 चित्रकारों ने अपनी चित्रकारी से 12500 स्क्वायर फुट के कैनवस पर आजादी के वीर क्रांतिकारी योद्धाओं का चित्रण किया। यह सभी चित्र 26 जनवरी को राजपथ पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इनका अवलोकन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कला के इस महाकुंभ में खेकड़ा निवासी आदेश खेरीवाल द्वारा बनाई गई पेंटिंग भी प्रदर्शित की जाएगी। बता दें कि आदेश खेरीवाल ने नगर स्थित गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण की है। इसके पश्चात छह वर्ष तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी में दृश्य कला की यथार्थवादी चित्र शैली में शिक्षा प्राप्त की। उन्हें कला के क्षेत्र में मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर द्वारा यंग आर्टिस्ट फेलोशिप एवं दृश्य कला के अंतर्गत जूनियर रिसर्च फेलोशिप सरीखे सम्मान प्राप्त हैं। वर्तमान में आदेश खेरीवाल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से समकालीन कला पर शोध कर रहे हैं। आदेश की इस उपलब्धि से नगर में खुशी का माहौल है।