बड़ौत। नगर पालिका ने शनिवार को कोताना रोड स्थित मुख्य बाजार में पट्टे की जमीन को कब्जामुक्त कराया। 11 दुकानदारों ने पट्टे की अवधि समाप्त होने के बाद भी बिना अनुमति के इस जमीन पर पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया था। पालिका ने बुलडोजर का इस्तेमाल कर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
पालिका के राजस्व निरीक्षक नेमचंद ने बताया कि नगर पालिका ने बड़ौत की राजकली के नाम 99 वर्ष का पट्टा किया था। इस जमीन पर मुख्य बाजार में 11 दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों के पीछे खाली जगह थी, जिस पर दुकानदारों ने पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया। पट्टे की अवधि समाप्त हो चुकी थी और निर्माण के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पालिका की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और निर्माण को तोड़कर जमीन को कब्जामुक्त कराया।
निर्माण तोड़ने में आए खर्च और कार्य में लगे पालिका कर्मचारियों का एक दिन का वेतन दुकानदारों को जुर्माने के रूप में देना होगा। पालिका टीम ने दुकानदारों को दोबारा निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी ने कहा कि बुलडोजर चलवाकर पट्टे की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है, जिस पर दुकानदारों ने बिना अनुमति के अवैध निर्माण किया हुआ था, इन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।