बागपत। कलक्ट्रेट में पूर्व सैनिकों का अनशन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने भूख हड़ताल की। राज्य पशुधन विभाग के सलाहकार साहब सिंह और छपरौली विधायक वीरपाल राठी भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। वक्ताओं ने मांगों को जायज बताते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की बात कही। डीएम ह्दय शंकर तिवारी भी अनशन स्थल पहुंचे और उन्होंने दो दिन में भवन दिखवाने का आश्वासन दिया।
जिला भूतपूर्व सैनिक समिति के सदस्यों का कलक्ट्रेट में आमरण अनशन चल रहा है। बृहस्पतिवार को पूर्व सैनिकों का समर्थन देने वालों का तांता लगा रहा। बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा सीमा पर जिस प्रकार से ये सैनिक लड़े हैं, आज वह अपनी मांग को लेकर लड़ रहे हैं। उनकी यह लड़ाई जाया नहीं जाएगी। वह भी अनशन में शामिल रहेंगे।
राज्य पशुधन विभाग के सलाहकार चौधरी साहब सिंह ने कहा पूर्व सैनिक अपनी जायज मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। उनकी आवाज को प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उनके इस आंदोलन को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। छपरौली विधायक वीरपाल राठी ने कहा जिला प्रशासन आंख मूंदे बैठे है। जब तक उनका हक नहीं मिलेगा, रालोद उनके साथ है।
डीएम ह्दय शंकर तिवारी अनशन स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा दो दिन में खाली भवन को दिखा देंगे जो भी पूर्व सैनिकों को जो भी भवन पसंद आएगा वो उन्हें आवंटन करा दिया जाएगा। इस दौरान रालोद नेता अश्वनी तोमर, ठा. प्रदीप सिंह, सतीश चौधरी, आप नेता सोमेंद्र ढाका, जगपाल सिंह, भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौधरी राम कुमार सिंह, नगेंद्र सिंह, जगपाल तेवतिया, डॉ. शालिनी राकेश आदि मौजूद रहे।
अनशन स्थल पर चल रहा उपचार
बागपत। अनशन स्थल पर पूर्व सैनिकों की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक की टीम उनका उपचार कर रही है। अध्यक्ष शीशपाल सिंह, देशपाल सिंह, तेज सिंह, रामपाल सिंह, ब्रजपाल की हालत बिगड़ रही है। उन्होंने कहा जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक अनशन जारी रहेगा, चाहे उन्हें अपनी जान भी क्यों न देनी पड़े।