बागपत। बागपत से भाजपा विधायक योगेश धामा ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने सरफाबाद गांव में हिंडन नदी पर पुल बनवाने सहित कई मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने जल्द ही मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने शुक्रवार शाम को सीएम से मिलकर उनके सामने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। काठा से खेकड़ा संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण व मरम्मत कार्य, पाबला बेगमाबाद से बसा टीकरी, मीतली, फतेहपुर होते हुए अमीनगर सराय तक सड़क निर्माण, गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों का निर्माण, त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत विकास कार्य कराने की मांग की। इसके अलावा मंदिरों व धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार, मवीकलां व काठा गांव में यमुना नदी के कटान से हुए नुकसान की समीक्षा कराकर मुआवजा दिलाने और ठोकरें लगवाने की मांगी की। साथ ही सरफाबाद के निकट हिंडन नदी पर पुल का निर्माण, घिटोरा व सांकरौद में तालाबों का जीर्णोद्धार, बागपत तक मेट्रो का विस्तारण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नजदीक होते हुए भी बागपत विकास कार्यों से काफी पीछे है। उन्होंने जल्द ही सभी मांगें पूरी करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।