बड़ौत (बागपत)। आखिरकार कांशीराम कॉलोनी की समस्याओं की प्रशासन ने सुध ली है। खबर प्रकाशित होने के बाद कॉलोनी में सफाई और खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। एसडीएम का कहना है कि कॉलोनी वासियों की सभी समस्याओं का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।
वर्ष 2011-12 स्थापित कांशीराम कालोनी में 660 परिवार रह रहे है। कांशीराम कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी का अंबार है। संक्रामक रोग फैल रहे है। पांच हैंडपंपों में से तीन खराब पड़े है, दो का पानी पीने लायक नहीं है। ओवरहैड टैंक का पानी बिजली जाने के बाद समाप्त हो जाता है। गंदगी और घास के कारण तालाब दलदल बन चुका है। कई पशु इसमें गिरकर मौत के शिकार भी हो चुके है। इन समस्याओं को अमर उजाला ने सचित्र प्रकाशित किया तो प्रशासन हरकत में आया। बृहस्पतिवार को कॉलोनी में गंदगी की सफाई शुरू कर दी गई। खराब पड़े दो हैडपंप ठीक कर दिये गये है, शेष को ठीक कराया जा रहा है। तालाब पर उगी घास को भी हटाने की भी योजना बनाई जा रही है।
इस संबंध में एसडीए दुर्गेश मिश्र ने बताया कि कॉलोनी की समस्याओं को दूर करने के लिए नगर पालिका से संबधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। जो भी समस्याएं है, शीघ्र ही उन्हें दूर कर दिया जाएगा।