फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: जिसकी हत्या में दो साल जेल में बिताए, वह पाकिस्तान की जेल में बंद

Thu, 27 Feb 2025 12:46 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। गाजियाबाद के नेकपुर गांव के जिस तेजवीर की हत्या में चमरावल के गौरव त्यागी व बिट्टू समेत चार युवक दो साल तक जेल में बंद रहे, वही तेजवीर पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने का दावा किया गया है। पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीयों की गृह मंत्रालय को भेजी गई सूची में उसका नाम भी बताया जा रहा है। इस आधार पर गौरव त्यागी ने अधिकारियों से मामले में दोबारा जांच की मांग उठाई है।
विज्ञापन

गाजियाबाद जिले के डिडौली गांव के जंगल में 12 अगस्त 2022 को एक युवक का शव पड़ा मिला था। उसका पुलिस ने लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया। मगर, कुछ दिन बाद गाजियाबाद के नेकपुर गांव निवासी तेजपाल के कपड़े देखकर शव की पहचान अपने बेटे तेजवीर के रूप में की थी। उन्होंने कहा था कि उनका बेटा तेजवीर काफी समय से चमरावल गांव में गौरव त्यागी की डेयरी पर काम करता था।
चमरावल के गौरव त्यागी, बिट्टू उर्फ प्रदीप ने नेकपुर गांव के सतीश उर्फ पप्पू, सतीश उर्फ लीलू के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी। इसमें मुरादनगर थाने में हत्या समेत एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें मुरादनगर पुलिस ने घटनास्थल चांदीनगर क्षेत्र का बताकर मुकदमा वहां ट्रांसफर कर दिया। चांदीनगर पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन

इस मामले में तत्कालीन सीओ ने जांच करने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया और न्यायालय में इसकी सुनवाई चल रही है। इसमें पुलिस ने शव और तेजवीर के पिता तेजपाल, भाई सौरभ के डीएनए का मिलान कराने के लिए सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा था। मगर, मृतक के सैंपल का पिता व भाई के सैंपल से मिलान नहीं हो सका।
वहीं, हत्या के मामले में दो साल तक जेल में बंद रहे आरोपी गौरव त्यागी ने बताया कि नेकपुर गांव के तेजवीर के बारे में जानकारी लेने के लिए करीब छह महीने पहले खुफिया एजेंसी की टीम उसके घर पहुंची थी। इसका उनको पता चलने पर छानबीन की गई तो बताया गया कि तेजवीर पुत्र तेजपाल नाम का युवक पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद है।
इसके बाद गौरव त्यागी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से आरटीआई के तहत इस संबंध में पूरी जानकारी मांगी तो पुलिस अधिकारियों के पास प्रार्थना पत्र देकर व न्यायालय में याचिका दायर कर दोबारा जांच की मांग रखी।
अब मिली सूची में गाजियाबाद के नेकपुर के तेजवीर का नाम शामिल
इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय उच्चायोग के पत्र के साथ अक्तूबर 2024 में गौरव को गृह मंत्रालय से जवाब मिला था, जिसमें तेजवीर पुत्र तेजपाल नाम का भारतीय युवक पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने की जानकारी दी गई थी। मगर, उसमें उसका पता दर्ज नहीं था। अब एक नई सूची गृह मंत्रालय को मिली हैं, उसमें तेजवीर पुत्र तेजपाल के नाम के साथ पूरा पता लिखा हुआ है। इसके आधार पर वह पुख्ता दावा कर रहा है कि लाहौर जेल में बंद वही तेजपाल है, जिसकी हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
यह सवाल भी उठ रहे
-अगर, जेल में बंद यही तेजवीर है तो वह पाकिस्तान कैसे पहुंचा और लाहौर जेल में क्यों बंद है?
-अगर, वही तेजवीर जेल में बंद है तो गाजियाबाद जिले के डिडौली में मिला शव किसका था?
-पुलिस ने केवल बयानों के आधार पर पूरी जांच कर दी। अपने स्तर पर साक्ष्य क्यों नहीं जुटाए गए?

इसमें हमारे पास अभी तक कोई अधिकारिक दस्तावेज नहीं आया है कि पाकिस्तान जेल में वही तेजवीर बंद है, जिसकी हत्या का मुकदमा हुआ था। हमारे पास अधिकारिक दस्तावेज आएगा तो उसके आधार पर कुछ किया जाएगा। क्योंकि इस मामले में न्यायालय में सुनवाई चल रही है। - अर्पित विजयवर्गीय, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें