बरवाला में मारपीट में घायल हुआ सचिन
रमाला। बरवाला गांव में गोवंशों से खेत में फसल की रखवाली करने जा रहे किरणपाल और उसके बेटे सचिन पर बाइक सवार हमलावरों ने बलकटी और लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इसमें घायल सचिन की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। बरवाला गांव के किरणपाल ने बताया कि 24 फरवरी की शाम अपने बेटे सचिन के साथ खेत में फसल की रखवाली करने जा रहा था, तभी रास्ते में बाइकों पर गांव का ही संजीव, राजेश और तीन अज्ञात युवक वहां आए और गाली-गलौज कर बलकटी, लाठी डंडों से हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर गांव के लोग वहां आए तो हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। उधर, घायल सचिन की बुधवार को हालत बिगड़ गई, जिसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि सचिन के सिर और पैर में पचास से अधिक टांके आए है और उसकी हालत भी ठीक नहीं है, लेकिन अभी तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस का कहना है कि दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।