बागपत। रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी के मामले में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके लिए कई टीमें गठित की गई हैं। एक टीम को पंजाब भी भेजा गया है। इंजेक्शनों के सैंपल की रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच, कोतवाली पुलिस और एफडीए की टीम ने बुधवार देर रात पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को 60 रेमडेसिविर इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया था। इस मामले में मुजफ्फरनगर निवासी विशाल साहनी और पंजाब का रहने वाला सुखपाल चौहान अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। माना जा रहा है कि ये दोनों ही मुख्य आरोपी हैं। कालाबाजारी का पूरा नेटवर्क इनके इशारे पर ही चलता है। इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने बताया आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं। सैंपल की रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है।