बागपत। शहर में केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती निवासी रियासत की हत्या में प्रयुक्त चाकू आरोपी कलीम उर्फ कल्लू की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्यारोपी कलीम को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गाजियाबाद जिले के लोनी निवासी शमशेर ने अपने भाई रियासत की हत्या में बागपत कोतवाली में दो दिन पहले प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसके भाई रियासत की पत्नी साईन के पड़ोस के सारिम उर्फ कट्टा के साथ कई साल से अनैतिक संबंध थे। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ। रविवार देर शाम सारिम उर्फ कट्टा, कलीम उर्फ कल्लू और साईन ने मिलकर चाकू मारकर रियासत की हत्या कर दी। इसमें जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि हत्यारोपी कलीम उर्फ कल्लू की निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।