सीएचसी में तीन दिन से घायल व्यक्ति तड़पता रहा। आखिरकार उसने रविवार की तड़के दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना दोघट पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना दोघट के ब्रजपाल होमगार्ड ने आठ जुलाई को बड़ौत सीएचसी में घायल व्यक्ति को भर्ती कराया था। सूत्रों के अनुसार तभी से घायल सीएचसी के जनरल वार्ड में भर्ती था। न तो उसकी सीएचसी कर्मियों ने ही सुध ली और नहीं ही भर्ती कराने के बाद पुलिस ने उसकी सुध ली।
रविवार की तड़के उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना सीएचसी ने मीमो से बड़ौत कोतवाली को दी। उसके सिर से दुर्गंध आ रही थी। लगता है वह एक दिन पहले ही उसकी मौत हो गई। बड़ौत पुलिस ने इस घटना को दोघट पुलिस का कहकर पल्ला झाड़ लिया और इसकी सूचना दोघट पुलिस को दी।
इसका नाम नरेंद्र निवासी किरठल बताया, लेकिन पुष्टि नहीं हुई। मरने वाले की उम्र 50 के लगभग है और वह कुर्ता पजामा पहने है। बाद में दोघट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय ने बताया दोघट थाने का होम गार्ड ब्रजपाल घायल को भर्ती कराकर चला गया था। इसकी मौत हो गई है। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। लगता है कि कोई वाहन उसे टक्कर मारकर भाग गया।