बालैनी। मेरठ के जंगेठी से ओगटी गांव में बरात लेकर आए दूल्हे की पहली शादी के फोटो मिलने पर बंधक बनाए गए दूल्हे व उसके पिता समेत अन्य बरातियों को दस घंटे बाद छोड़ा गया। वहां दोनों पक्षों के लोगों में खींचतान चलती रही और शादी में खर्च हुए दुल्हन पक्ष के 13.5 लाख रुपये दिए गए।
मेरठ जिले के जंगेठी के रहने वाले अग्निवीर की शादी ओगटी की युवती से तय हुई थी। शनिवार शाम दूल्हा बरात लेकर ओगटी आ गया और चढ़त शुरू हो गई। तभी लड़की पक्ष के व्हाट्सएप पर दूल्हे की पहली शादी के फोटो भेज दिए गए, इसका पता चलने पर ग्रामीणों ने मारपीट करते हुए दूल्हे, उसके पिता समेत अन्य बरातियों को बंधक बनाकर बैठा लिया। दोनों पक्षों की पंचायत में दुल्हन पक्ष का सारा खर्चा देने की बात पर समझौता हुआ तो बरातियों को भेज दिया गया। जबकि दूल्हा, उसके पिता समेत कई बरातियों को रोक लिया गया। बताया कि रात करीब दो बजे दूल्हा पक्ष ने समझौते के 13.5 लाख रुपये दुल्हन पक्ष को दिए। उधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों का आपस में समझौता हो गया और किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी।