बागपत। खाद्य विभाग की टीम ने जिलेभर में छापामार कार्रवाई की। बड़ौत में एक गोदाम में उतारी जा रही 936 किलो मेयोनीज व 30240 टोमेटो साॅस के पाउच का सैंपल लेकर जब्त किए और 750 किलो मिलावटी सॉस नष्ट कराई गई। इसके कई स्थानों से दाल व चावल के नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य डीपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि बड़ौत के गांधी रोड स्थित सीमा गुप्ता पत्नी नवीन गुप्ता के गोदाम में सॉस उतारी जा रही है। उन्होंने बताया कि लोनी के एन्क्लेव निवासी पुनीत ट्रक में मेयोनीज व सॉस लेकर पहुंचा था। वहां 936 किलो मेयोनीज व 30240 टोमेटो सॉस के पाउच का सैंपल लेने के बाद जब्त कर लिए गए हैं। गोदाम में रखी 750 किलो मिलावटी सॉस को नष्ट कराया गया है।
इसके अलावा रटौल गांव के प्राथमिक विद्यालय से दाल, डौला के प्राथमिक विद्यालय से दाल, रटौल व डौला गांव के राशन डीलर की दुकान से चावल के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, उप निरीक्षक नीतू सिंह आदि मौजूद रहे।