बागपत। नगर पालिका के चुनाव से पहले बागपत व बड़ौत नगर पालिकाओं के सीमा विस्तार को लेकर खूब तेजी दिखाई जा रही हैं। बागपत नगर पालिका के सीमा विस्तार की फाइल शासन में पहुंचा दी गई है और बड़ौत के सीमा विस्तार पर भी अफसरों ने अपनी मुहर लगा दी है। बड़ौत की फाइल भी इस सप्ताह में शासन को भेज दी जाएगी।
बागपत नगर पालिका का सीमा विस्तार करने के लिए डीएम राजकमल यादव ने एसडीएम बागपत, तहसीलदार, ईओ नगर पालिका बागपत, परियोजना अधिकारी डूडा की एक कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने सिसाना, नयागांव हमीदाबाद, पाली, कलक्ट्रेट कालोनी, पुलिस लाइन व औद्योगिक क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने की मंजूरी देते हुए रिपोर्ट सौंपी थी। जिस पर डीएम व एडीएम की मुहर लगते ही नगर पालिका ईओ ललित आर्य फाइल को लेकर लखनऊ पहुंच गए और उसे वहां उच्च अधिकारियों को सौंप दिया गया।
वहीं बड़ौत नगर पालिका क्षेत्र के आसपास एक दर्जन से ज्यादा पॉश कालोनियां विकसित हो गई हैं। इनमें बिजरौल रोड पर शाहमल एंकलेव, चौधरी चरण सिंह विहार, वरदा ज्योति कालोनी, चरण सिंह विहार, न्यू सिटी कालोनी अमीनगर सराय रोड, कांशीराम कालोनी दिल्ली रोड व कोताना रोड की चार कालोनी समेत एक दर्जन कालोनियां है। इन सभी कालोनियों को नगर पालिका में शामिल करने के लिए कार्रवाई शुरू की गई और शासन ने इसपर रिपोर्ट भी मांगी। इसकी फाइल तैयार करके डीएम के पास भेजी गई तो डीएम राजकमल यादव ने इसपर मुहर लगा दी है। बड़ौत नगर पालिका के सीमा विस्तार की फाइल भी इस सप्ताह में शासन तक पहुंच जाएगी।
बागपत में करीब आठ हजार तो बड़ौत में दस हजार वोटर बढ़ेंगे
बागपत नगर पालिका के सीमा विस्तार को जिस तरह से प्रस्ताव भेजा गया है। अगर उसे शासन से मंजूरी मिल जाती है तो बागपत नगर पालिका में करीब आठ हजार वोटर बढ़ जाएंगे। जिसके बाद यहां का चुनाव काफी कांटेदार होगा और चेयरमैन की कुर्सी के लिए नेताओं को खींचतान भी खूब करनी होगी। इस तरह ही बड़ौत नगर पालिका के सीमा विस्तार के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने पर करीब दस हजार वोटर बढ़ जाएंगे। वहां भी नगर पालिका चुनाव काफी रोमांचक हो जाएगा, क्योंकि बागपत व बड़ौत दोनों जगहों पर हिंदू वोटरों में काफी बढ़ोतरी होगी।
बागपत नगर पालिका के सीमा विस्तार की फाइल शासन में पहुंच गई है और बड़ौत नगर पालिका के सीमा विस्तार की फाइल को जिला स्तर से मंजूरी दी गई हैं। बड़ौत की फाइल भी अब शासन में पहुंच जाएगी। शासन से अगर प्रस्ताव को मंजूर कर दिया जाता है तो परिसीमन कराया जाएगा। राजकमल यादव, जिलाधिकारी