राकेश हत्याकांड का खुलासा कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे मृतक के परिजन एवं मोहल्ले के लोग।
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। मोहल्ला अहिरान निवासी दूध व्यापारी की हत्याकांड का चार दिन बाद भी खुलासा न होने से आक्रोशित परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने यादव चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। बाजार पुलिस चौकी चौराहे पर हंगामा भी किया। सीओ से महिलाओं की नोकझोंक भी हुई।
दूध व्यापारी राकेश यादव की 11 फरवरी की सुबह हत्या कर शव को जला दिया गया था। पुलिस चार दिन बाद भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। इससे आक्रोशित परिजनों एवं मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार की सुबह यादव चौक पर जाम लगा दिया। धरना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद सभी लोग जुलूस के रूप में बाजार पुलिस चौकी चौराहे पर पहुंचे और हंगामा यिका। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर सीओ दिलीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से बात की। बताया कि पुलिस घटना के खुलासे के प्रयास में लगी हुई है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से गहनता के साथ पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। सीओ के आश्वासन से मृतक के परिजन एवं मोहल्ले के लोग सहमत नहीं हुए। इसे लेकर महिलाओं की सीओ से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सभी वापस यादव चौक पहुंचे और अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक घटना का सही खुलासा नहीं हो जाएगा, तब तक वह अपना धरना जारी रखेंगे।