संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सिंगौली तगा गांव के अंकित व उसके दोस्त इसरार के परिजनों ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंच कर 25 हजार रुपये के इनामी साधु नरेशनाथ का एनकाउंटर कराने की मांग की। उन्होंने दोनों परिवारों को शासन से मदद दिलाने की मांग भी की। सिंगौली तगा गांव की ज्योति ने बताया कि उसके भाई अंकित प्रजापति और उसके दोस्त इसरार को 25 जुलाई को साधु नरेशनाथ निवासी कुंडेश्वरी जिला ऊधमसिंह नगर ने अपने दो शिष्यों और एक नाबालिग के साथ मिलकर जहर के इंजेक्शन लगाने के बाद लहचौड़ा के श्रीगणेश मंदिर मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर जिंदा दफन कर दिया था। पुलिस ने आरोपी उज्ज्वल निवासी पूरनपुर नवादा और कृष्णा यादव निवासी धुम्मा भुलंदी जिला जौनपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं साधु नरेशनाथ वांछित चल रहा है, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके भाइयों के साथ घटना हुई, उसी तरह साधु का एनकाउंटर होना चाहिए। इसरार की बहन सायरा ने बताया कि इसरार की पत्नी और तीन बच्चों के पालन-पोषण पर संकट आ गया है। उन्होंने परिवार को आर्थिक मदद दिलाने और साधु का एनकाउंटर कराने की मांग की।
अंकित और इसरार के घर पहुंचे सपा नेता : सिंगौली तगा गांव में अंकित और इसरार के परिजनों से मुलाकात कर सपा के जिलाध्यक्ष मनोज पंवार ने सांत्वना दी। मनोज पंवार ने आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष काला बिधुड़ी, पवन बंसल, कर्मवीर प्रधान, अतुल चौधरी आदि मौजूद रहे।