- ईपीई पर जाकर जहरीला पदार्थ खाने के बाद परिजनों को फोन किया
- छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने और पिटाई से परेशानी होने की ऑडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विद्युत निगम के एसडीओ की गाड़ी के चालक ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या करने से पहले एक ऑडियो रिकार्डिंग भी वायरल की। जिसमें एक बच्ची से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने के साथ ही पिटाई किए जाने से परेशान होने की बात कही है।
पुराना कस्बे निवासी अनिल चौहान (28) एसडीओ बागपत गोपाल की गाड़ी का संविदा चालक था। अनिल ने मंगलवार रात को ईपीई पर जाकर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया और उसके बाद खुद ही परिजनों को फोन करके इस बारे में बताया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हालत बिगड़ने पर अग्रवाल मंडी टटीरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार अनिल ने अपने भाई सुनील को बुधवार रात को फोन करके कहा कि वह अब दुनिया से जा रहा है। उसने आत्महत्या करने से पहले एक ऑडियो रिकार्डिंग भी वायरल की। जिसमें एक बच्ची से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने के साथ ही पिटाई किए जाने से परेशान होने की बात कही है। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।