दोघट। नगर पंचायत, टीकरी ने बाईपास के पास एक माह पहले नाले का निर्माण कराया था, जो पहली बारिश को भी सहन नहीं कर पाया। कई लाख रुपये की लागत से लगभग 100 मीटर लंबा नाला बारिश के चलते ढह गया। नाला ध्वस्त होने से कस्बे के रास्ते में पानी भरना शुरू हो गया है। इससे ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। तालाब के पानी की निकासी भी बंद हो गई है। इससे तालाब ओवर फ्लो हो गया है। ग्रामीणों ने नाला निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उनका कहना कि इसकी जांच कराई जाए और ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही नाले का दोबारा निर्माण कराने की मांग की।
इस संबंध में नगर पंचायत टीकरी के चेयरमैन सोमपाल राठी ने कहा अभी तक इस नाले का भुगतान ठेकेदार को नहीं किया है। वह वह दोबारा इस नाले का निर्माण कराएंगे। ये नाला जहां तक बना है, वहां तक यह चौड़ाई में ठीक है, लेकिन उससे आगे नाला संकरा होने के उसमें पानी कम जा पाता है। कुछ किसानों ने नाले के बराबर से मिट्टी उठा ली थी। इस कारण नाले को सपोर्ट नहीं मिल पाई और नाला पूरी तरह ध्वस्त हो गया।