छपरौली/बड़ौत। जागोस गांव में यमुना नदी के किनारे बने राधा-कृष्ण मंदिर में बृहस्पतिवार रात चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर एक लाख रुपये से अधिक चोरी कर लिए। इसमें चोरी का खुलासा नहीं होने पर शनिवार को ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में धरना दिया। उन्होंने पुलिस से चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की।
जागोस गांव की राधा कृष्ण मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने बताया कि बृहस्पतिवार रात मंदिर की दीवार फांदकर चोर अंदर घुसे। चोरों ने मंदिर परिसर में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर एक लाख से अधिक रुपये चोरी कर लिये। हरियाणा की सीमा पर बने मंदिर में इससे पहले तीन बार चोरी हो चुकी है। चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को चोरी की शिकायत पुलिस से करते हुए खुलासा करने की मांग की, लेकिन चोरी का खुलासा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर के आसपास कुछ युवक शराब पीते रहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही खुलासा नहीं हुआ तो तहसील परिसर में धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर जय भगवान कश्यप, राजेश कश्यप, सतवीर कश्यप, संजय कश्यप, हरकेश, वेदपाल ठेकेदार, लक्ष्मण आदि उपस्थित रहे। इस मामले में जांच अधिकारी आशीष पुंडीर का कहना है कि शिकायत मिल गई है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।