बालैनी-मेरठ मार्ग पर जाम लगा रहे लोगो को फटकार लगाता दरोगा
- फोटो : amar ujala
बागपत के खेकड़ा में रंजिश के चलते पड़ोसी ने नगर की नई बस्ती में प्राइवेट चिकित्सक के क्लीनिक और घर में घुसकर जानलेवा हमला किया। इससे चिकित्सक, उसकी पत्नी और पुत्री गंभीर घायल हो गए।। पुलिस ने तीनों को हायर सेंटर में भर्ती कराया। वहां घायलों की हालत गंभीर बताई।
नगर की नई बस्ती निवासी डॉ. रणवीर सिंह (45) ने अपने मकान में ही क्लीनिक खोल रखा है और सपरिवार वहां रहते हैं। रविवार को शाम करीब पांच बजे पड़ोस अधिकांश लोग राज बब्बर की सभा में गए थे। चिकित्सक से पड़ोस का ही सूरज गत एक वर्ष से इस कारण रंजिश रखता था कि चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान उसकी पुत्री की मौत हो गई थी। इसके लिए वह चिकित्सक को दोषी मानता है। इसे लेकर पड़ोसी सूरज चिकित्सक के क्लीनिक में घुसे और फरसे से हमले शुरू कर दिए। चिकित्सक को बचाने के लिए पहुंची पत्नी अनीता और पुत्री रुचि को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। उन्हें भी फरसे से वार कर घायल कर दिया। हमले से तीनों के हाथों, सिर आदि में गंभीर चोटें आई। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर हमलावर को भगाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल चिकित्सक, उसकी पत्नी और पुत्री को खेकड़ा सीएचसी ले गई, वहां के चिकित्सकों की सलाह पर घायलों को दिल्ली हायर सेंटर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने डॉ. रणवीर की हालत चिंताजनक बताई है।
एसएसआई मोहम्मद कामिल ने बताया रविवार रात दस बजे तक चिकित्सक और उसके परिवार पर हमले से संबंधित तहरीर नहीं मिली, लेकिन लोगों के बताने आरोपी पड़ोसी सूरज को हिरासत में ले लिया है।