- सरकारी विभागों में लिपिक पदों पर तैनात 114 मृतक आश्रितों का कराया जा रहा टाइपिंग टेस्ट
- टाइपिंग टेस्ट के लिए 11 बजे से 12:30 बजे का समय निर्धारित, कराया तीन बजे के बाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शासन के आदेश पर जिले में सरकारी विभागों में लिपिक पद पर तैनात मृतक आश्रितों का टाइपिंग टेस्ट भले ही कराया जा रहा हो, लेकिन अफसर इसके प्रति उदासीनता बरत रहे है। गठित की गई समिति के अधिकारियों के मौजूद न रहने से बुधवार को टाइपिंग टेस्ट के लिए नलकूप व कृषि रक्षा विभाग में तैनात मृतक आश्रितों को चार घंटे इंतजार करना पड़ा।
जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह ने सरकारी विभागों में लिपिक पदों पर तैनात मृतक आश्रितों के टाइपिंग टेस्ट के लिए प्राचार्य आईटीआई खेकड़ा, सहायक सेवा योजना अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी डीडीओ कार्यालय की समिति गठित की थी। इसमें जिले के 23 विभागों में तैनात 114 मृतक आश्रितों का टाइपिंग टेस्ट लेने के लिए तारीख और 11 बजे से 12:30 बजे का समय निर्धारित किया गया है। मंगलवार को पहले दिन जिला विकास कार्यालय और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय के 11 कर्मियों का टाइपिंग टेस्ट हुआ। बुधवार को दूसरे दिन नलकूप विभाग व कृषि विभाग में तैनात 19 कर्मी टाइपिंग टेस्ट देने के लिए विकास भवन पहुंच गए। मगर, निर्धारित समिति के अधिकारी मौजूद नहीं रहे। इसके चलते सुबह 11 बजे होने वाले टाइपिंग टेस्ट के लिए मृतक आश्रितों को चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। दोपहर तीन बजे के बाद अधिकारी टेस्ट लेने के लिए पहुंचे।
पांच-पांच मिनट हो गया टेस्ट पूरा
विकास भवन में कर्मियों के टाइपिंग टेस्ट के लिए चार घंटे इंतजार करना पड़ा। इसके लिए तीन कंप्यूटरों की व्यवस्था की गई है। महज पांच-पांच मिनट में कर्मियों का टाइपिंग टेस्ट पूरा हो गया।
टाइपिंग टेस्ट के लिए गठित समिति में आईटीआई के प्राचार्य के पास एक प्रकरण की जांच भी है। इसके कारण थोड़ा देरी से टाइपिंग टेस्ट देरी से हुआ। दूसरे कर्मियों का निर्धारित समय पर टाइपिंग टेस्ट कराया जाएगा। - बीबी सिंह, जिला विकास अधिकारी, बागपत।