अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के माता मंदिर पार्क की ग्रिल में फंसी पतंग उतारते हुए किशोर करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पार्क के गेट के पास रखे ट्रांसफार्मर के तार से ग्रिल में करंट उतरने से हादसा हुआ। परिवार में गम का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
कस्बा निवासी अभिषेक (16) पुत्र सुरेंद्र कुमार पार्क में पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान उसकी पतंग पार्क की ग्रिल में फंस गई। पतंग उतारते वक्त करंट लगने से किशोर की मौत हो गई। कस्बे के पूर्व सभासद नौरंग ने बताया कि माता मंदिर पार्क के गेट के पास रखे ट्रांसफार्मर से बिजली के तारों से होते हुए करंट पार्क की ग्रिल में उतर गया, जिसकी वजह से किशोर को करंट लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और नागरिकों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अभिषेक की माता कविता का रो रो कर बुरा हाल है।