- बागपत में गन्ना मंत्री तो रमाला मिल में सांसद होंगे शामिल, दोनों मिलों ने इंडेंट जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बागपत व रमाला चीनी मिल में पेराई सत्र सोमवार से शुरू हो जाएगा। बागपत मिल में गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी पेराई सत्र का शुभारंभ करेंगे। दोनों सहकारी मिलों ने 50-50 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट जारी कर दिया है और गन्ना सत्र शुरू करने की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
बागपत व रमाला चीनी मिल में सोमवार से पेराई सत्र शुरू कराने के लिए मशीन व बाॅयलर की मरम्मत का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया। मिल में सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा। उपसभापति कृष्णपाल सिंह ने बताया कि बागपत मिल के शुभारंभ पर सोमवार की सुबह 11 बजे गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी आएंगे। उनके अलावा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक, बागपत विधायक योगेश धामा, छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार भी आएंगे। बताया कि सुबह 11 बजे हवन किया जाएगा और इसके बाद चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र शुरू होगा। पहले दिन 2100 क्विंटल गन्ने की पेराई की जाएगी मगर 50 हजार क्विंटल का गन्ना इंडेंट जारी किया गया है।
रमाला मिल में सांसद करेंगे पेराई सत्र शुरू
रमाला। सहकारी चीनी मिल रमाला के प्रधान प्रबंधक विवेक कुमार यादव ने बताया कि मिल में पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि सांसद डाॅ. राजकुमार सांगवान, राज्य मंत्री केपी मलिक, छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार व डीएम अस्मिता लाल सुबह नौ बजे मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ करेंगे। पहले दिन सौ क्विंटल गन्ने की पेराई की जाएगी। मिल के सभी 22 क्रय केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं और मिल की मशीनों की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है।