बागपत। शहर में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 32 करोड़ रुपये से अधिक बजट खर्च किया जाएगा। इसकी मंजूरी मिलने के बाद शहर में पाइप लाइन बिछाने से लेकर नई टंकियों का निर्माण भी शुरू करा दिया गया।
डेढ़ लाख की आबादी वाले बागपत शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए नौ पेयजल टंकियां बनी हुई हैं, जिससे आठ हजार घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। अब नई कालोनियां बसने के साथ चमरावल रोड, दिल्ली रोड, बड़ौत रोड, नौरोजपुर रोड पर भी काफी मकान बन गए हैं। यहां लाइन नहीं बिछी होने के कारण पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। जल निगम नगरीय ने पेयजल व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा, जिसमें शहर में दो बड़ी पेयजल टंकियों के निर्माण से लेकर 90 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाकर 5500 घरों में पानी का कनेक्शन देने का काम शामिल किया गया। शासन से 50 करोड़ रुपये बजट की स्वीकृति मिलने के बाद बजट भी जारी कर दिया गया। बाद में 32 करोड़ रुपये में ठेका छोड़कर काम शुरू करा दिया गया।
काॅलोनियों में ठीक कराई गई टूटी पेयजल लाइन
शहर की कई काॅलोनियों की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस कारण हैंडपंपों और सबमर्सिबलों से पेयजल आपूर्ति की जा रही थी। अब काम शुरू कराने के बाद काॅलोनियों में पाइप लाइन भी ठीक करा दी गई।
वर्जन-शहर में 32 करोड़ रुपये से दो बड़ी टंकियां लगाने, नलकूप लगाने के साथ पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया गया, जिसे निर्धारित समय में पूर्ण कराकर नगर पालिका को हैंडओवर कर दिया जाएगा। -रविकांत, सहायक अभियंता, जल निगम नगरीय।