रमाला। कासिमपुर खेड़ी-कंडेरा मार्ग पर एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। क्षणभर में कार जलकर राख हो गई। कार चालक बुरी तरह झुलस गया। इस दौरान हाईवे पर आधा घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
कंडेरा निवासी शुभम अहलावत पुत्र विनोद टाटा कार से अपने मामा के साथ सोमवार रात छपरौली से अपने गांव कंडेरा आ रहा था। जब वह कासिमपुर खेड़ी- कंडेरा मार्ग पर पहुंचा तभी कार की वायरिंग में स्पार्किंग होने से आग लग गई। शुभम ने कार रोकी और दोनों ने बाहर निकलने का प्रयास किया। कार की खिड़की नहीं खुल पाई और शुभम बुरी तरह झुलस गया। राहगीरों ने खिड़की का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मामा झुलसने से बच गए। परिजनों ने घायल शुभम को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान लगभग आधा घंटा मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।