पानीपत से पाली गांव में आई थी बारात, एक ही हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर पाली गांव के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे कार सवार दूल्हे के जीजा सहित तीन युवक घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर बनी है।
हरियाणा के पानीपत के नूरवाला गीता कॉलोनी निवासी प्रमोद ने बताया कि उनके साले अरविंद की शादी शुक्रवार को बागपत के पाली गांव की एक युवती से हुई थी। शादी समारोह में शामिल होकर दो रिश्तेदार वापस लौट रहे थे। जिन्हें छोड़ने के लिए वह अपने साथी विकास व राहुल के साथ रात को बागपत में कार से आया था। कार को एक अन्य युवक चला रहा था। बागपत से लौटते हुए पाली गांव के पास पहुंचने पर हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। राहगीरों ने कार से युवकों को निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर घायल प्रमोद, विकास व राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक राहुल की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर के लिए रेफर किया। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि अनियंत्रित होकर कार पलट गई। घायलों का उपचार कराया गया।