बागपत। बड़ौत की किशोरी ने सीडब्ल्यूसी के सामने अपने परिजनों से जान का खतरा जताया और घर नहीं जाने की इच्छा जताई। इस पर सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ढाका ने किशोरी को राजकीय बालिका बालगृह गौतमबुद्धनगर भेज दिया।
बड़ौत क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी। इसमें परिजनों ने एक युवक को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को तलाश कर वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया। 23 सितंबर को बड़ौत कोतवाली से एसआई संजीव व एक महिला कांस्टेबल वन स्टॉप सेंटर से लेकर किशोरी को सीडब्ल्यूसी जाने लगे तो उसके भाई आनिस ने किशोरी की गर्दन पर तमंचा तानकर ट्रिगर दबा दिया। गोली मिस होने से किशोरी की जान बच गई। इसके बाद मिशन शक्ति टीम के साथ मुठभेड़ में आरोपी भाई आनिस घायल हो गया और उसे जेल भेज दिया गया। सीडब्लयूसी के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ने बताया कि बयानों के आधार पर किशोरी को राजकीय बालिका बालगृह गौतमबुद्धनगर भेजा गया।