बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की तीन दिन पूर्व अपहृत हुई किशोरी को बुधवार को पुलिस ने बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने किशोरी का बागपत शहर से अपहरण किया था। गुड़गांव में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल में भेज दिया है।
गांव के एक व्यक्ति ने कोतवाली पर शिकायत की थी कि रविवार सुबह वह खेत में गया हुआ था। शाम को जब वहां से घर लौटा तो उसे उसकी 14 वर्षीय बेटी गायब मिली। उसने गांव के ही एक परिवार पर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया था। इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
बुधवार को पुलिस ने शहर के राष्ट्रवंदना चौक के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर अपहृत लड़की को बरामद कर लिया है। महिला कांस्टेबल ने पीड़ित लड़की के बयान दर्ज किए। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि लड़की ने दिए बयान में बताया कि वह रविवार को किसी कार्य से घर से बागपत शहर में आई थी।
उसे आरोपी युवक शहर के बड़ौत रोड से बहला-फुसलाकर पहले टटीरी ले गया। वहां से ट्रेन से गुड़गांव लेकर गया। वहां पर एक मकान में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके बाद उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका साथ देने में कौन-कौन शामिल रहे हैं। इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।