संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने एक किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी बेहोशी की हालत में किशोरी को घर के बाहर फेंक कर भाग गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात वह शौच के लिए जाने लगी तो घर के बाहर गांव के ही दो युवक खड़े मिले। जिन्होंने उसे पकड़कर बाइक पर बीच में बैठा दिया। इसके बाद उसको जंगल में ले गए। वहां पर जबरदस्ती उसे नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों युवक उसे बेहोशी की हालत में घर के पास गली में फेंककर भाग गए।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर सौरभ और उत्तम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।