बड़ौत। शासन के निर्देश पर सोमवार को तहसील प्रशासन, आपूर्ति विभाग व बाट-माप तौल विभाग की टीम ने बिनौली रोड स्थित ओमकार फिलिंग सेंटर पर छापा मारा। टीम ने पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल की जांच की। दो घंटे तक कार्रवाई कर टीम लौट गई।
एसडीएम पूजा चौधरी, सीओ युवराज सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलोक कुमार, आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल व अमरेश भटनागर, बाट-माप तौल निरीक्षक अनिरुद्ध के संयुक्त नेतृत्व में गठित टीम बिनौली रोड स्थित ओमकार फिलिंग सेंटर पर पहुंचीं। टीम को अचानक पेट्रोल पंप पर देख कर्मचारियों व मालिक शिवेंद्र सहित अन्य अचंभित हो गए। यहां करीब दो घंटे जांच चली। टीम में शामिल अलग-अलग विभागों ने संबंधित दस्तावेज, घटतौली समेत डीजल व पेट्रोल की शुद्धता की जांच की। हिंदुस्तान पेट्रोलियम से सेल्स आफिसर आकाशदीप तिवारी भी मौके पर पहुंचे। जांच में सब कुछ ठीक मिलने पर टीम लौट गई। इसके बाद टीम बिनौली स्थित जैन संस फिलिंग सेंटर पहुंची तथा जांच की।
शासन के निर्देश के बाद डीएम के आदेश पर अभियान के तहत नगर व देहात क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंपों पर जांच की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।-पूजा चौधरी, एसडीएम
शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच की जा रही है।ओमकार फिलिंग सेंटर में जांच के दौरान सब ठीक मिला। वहीं, बिनौली स्थित जैन संस फिलिंग सेंटर पर जांच में 20 एमएल की कमी पाई गई। इसलिए दोबारा सत्यापन किया जाएगा। यदि फिर अनियमिता मिली तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-आलोक कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी