बड़ौत (बागपत)। खेड़ी प्रधान गांव के यमुना खादर में यमुना की धार मोड़कर हरियाणा के माफिया द्वारा किए गए अवैध रेत खनन की जांच करने के लिए मंगलवार को गाजियाबाद की चार सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से जानकारियां जुटाई।
मंगलवार को गाजियाबाद से क्षेत्रीय खनन अधिकारी राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यों की टीम खेड़ी प्रधान गांव के यमुना खादर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से खनन को लेकर बातचीत की। मौका मुआयना भी किया। टीम प्रभारी ने बताया कि अवैध खनन को लेकर शासन सख्त है। कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच शुरू की गई है। जांच के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
टीम में शामली खनन अधिकारी रंजना सिंह, मेरठ खनन अधिकारी शैलेंद्र मौर्य के अलावा बागपत खनन अधिकारी राजकुमार संगम, एएसपी मनीष कुमार मिश्र, एसडीएम दुर्गेश मिश्र, सीओ आलोक सिंह आदि शामिल रहे।