जिलाधिकारी ने सीएम के निर्देश पर उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएम के आदेश पर डीएम राजकमल यादव ने कोरोना से निपटने के लिए बुधवार को जिले की टीम-9 गठित की है। जिसमें नौ अधिकारियों अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ एक सदस्य को शामिल कर अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एडीएम अमित कुमार व डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह सरकारी व निजी चिकित्सालयों में आईसीयू व ऑक्सीजन युक्त बेड, सभी अस्पतालों में मैन पावर, टीकाकरण अभियान, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से समन्वय, आइसोलेशन वार्ड, मास्क व दवा की व्यवस्था देखेंगे। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी व एसीएमओ गजेंद्र सिंह एंबुलेंस व्यवस्था, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम, रेमडेसिविर व अन्य आवश्यक दवा की आपूर्ति, होम क्वारंटीन की सभी व्यवस्था देखेंगे।
सीडीओ अभिराम त्रिवेदी और सीएमओ डॉ. आरके टंडन जिले के सभी महत्वपूर्ण विभागों से समन्वय बनाएंगे। लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार के प्रयासों से अवगत कराएंगे। उपायुक्त जिला उद्यम एवं प्रोत्साहन केंद्र हिमांशु गंगवार व उपायुक्त जीएसटी नीरज सेंगर औद्योगिक इकाइयों का संचालन, वहां कोविड हेल्प डेस्क का स्थापना और कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण कराएंगे। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कौशल देव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश चंद्र, बाट-माप निरीक्षक पवन यादव गेहूं क्रय व्यवस्था, किसानों को खाद व बीज की व्यवस्था, गो आश्रय स्थल की व्यवस्था देखेंगे और कालाबाजारी रोकेंगे।
एसडीएम अनुभव सिंह और औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर जिले में ऑक्सीजन की व्यवस्था और केंद्र सरकार व अन्य प्रदेश के आपूर्तिकर्ताओं से समन्वय स्थापित करेंगे। एसीएमओ डॉ. गजेंद्र व एसडीएम दुर्गेश मिश्र प्रवासी मजदूरों के आने पर रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर उनकी जांच और क्वारंटीन की व्यवस्था करेंगे। एएसपी मनीष मिश्र और जिला कारागार अधीक्षक सुरेश कुमार कंटेनमेंट जोन की व्यवस्था, साप्ताहिक बंदी के आदेश का पालन, जेलों में सफाई, ट्रेनिंग सेंटर व पीएसी बटालियन परिसर को सैनिटाइज कराने, पुलिस लाइन में कोविड केयर सेंटर स्थापित कराने की व्यवस्था देखेंगे। जिला पंचायतराज अधिकारी कुमार अमरेंद्र व अधिशासी अधिकारी बड़ौत अनिल कौशिक स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, निगरानी समितियों को सक्रिय करने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम को लागू करने व पेयजल व्यवस्था देखेंगे।