फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 स्कूलों में अध्यापक नहीं मिले

Wed, 05 Apr 2017 01:46 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
परिषदीय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य परीक्षण और शिक्षकों की गैरहाजिरी पर डीएम ने बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया । जिले के 633 स्कूलों में अधिकारियों ने सत्यापन कराया। उधर, शिक्षकों ने कहा प्रशासन ने गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की है।
विज्ञापन


सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों, नि:शुल्क थाली ग्लास, यूनिफार्म वितरण, मिड - डे मील और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के बिंदु पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने एक साथ जांच की। मंगलवार को इसकी रिपोर्ट तैयार की।

इसमें 762 शिक्षक गैरहाजिर मिले, जबकि 26542 छात्र-छात्राएं स्कूल में मौजूद नहीं थे।  बीएसए योगराज सिंह और  खंड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। निरीक्षण में गैरहाजिर मिले शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
विज्ञापन


सीडीओ ने बताया  अधिकतर स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण नहीं हुआ है। इसकी अलग से जांच कराई जाएगी। पिलाना ब्लाक के प्राइमरी स्कूल हरिसया में पेयजल व्यवस्था नहीं मिली। प्राथमिक विद्यालय संख्या 2 बासौद में वॉशरूम नहीं मिला। रोशनगढ़ में हैंडपंप खराब मिला। 

सीडीओ ने बताया रोशनगढ़ के स्कूल का पानी खराब है। जांच टीम के सामने यह तथ्य आया है। इसके बाद भी इसी हैंडपंप से पानी पिलाने का मामला सामने आया है। बिलोचपुरा में भी दोनों हैंडपंप खराब हैं। पिलाना ब्लाक में बगैर मान्यता के विद्यालय चल रहे हैं, इस पर जवाब मांगा है। लहचौड़ा में बालिकाओं के लिए शौचालय तक नहीं है। छपरौली की ईओ निरुपमा प्रताप ने प्राथमिक विद्यालय छपरौली की जांच की।

यहां स्कूल खुला था, लेकिन शिक्षक और बच्चे गायब थे। सरूरपुर कलां प्राथमिक विद्यालय संख्या एक में पांच में चार शिक्षक गैरहाजिर मिले, विद्यालय संख्या तीन में दोनों ही शिक्षक गायब मिले। कयामपुर विद्यालय संख्या दो में कार्यरत दोनों शिक्षक गायब मिले। जिले के 15 स्कूल ऐसे सामने आए, जहां एक भी शिक्षक स्कूल में नहीं मिला। 

गैरहाजिरी जांचने वाले खुद भी रहे गैरहाजिर
बागपत। प्रशासन ने परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के लिए 142 अधिकारियों की टीम तैयार की। इसमें परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था परखने के लिए जिन आठ अधिकारियों पर जिम्मेदारी थी, वह खुद भी गैरहाजिर रहे।

सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया  इन्हें नोटिस जारी किया है। इनकी वजह से 41 विद्यालयों का निरीक्षण नहीं हो सका। लोनिवि के जेई कंवर पाल भारती, एडीओ पंचायत बिनौली सत्यपाल सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेएस कुदैशिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी पवन प्रजापति, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के जेई योगेश अग्रवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार, लोनिवि के एई श्रद्धानंद शर्मा, एडीओ पंचायत खेकड़ा शीशपाल सिंह को गैरहाजिरी पर एक दिन का वेतन कटेगा और नोटिस भेज जवाब मांगा जाएगा।

क्या है बागपत की स्थिति
जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में 2435 शिक्षक हैं, इनमें से 762 शिक्षक जांच में स्कूलों में नहीं मिले। स्कूलों में पंजीकृत बच्चों की संख्या 45394 है,  निरीक्षण में 18852  छात्र-छात्राएं ही उपस्थित मिले यानि 26542 छात्र गैरहाजिर थे। 32971 छात्रों को नि:शुल्क किताबें मिली हैं, नि:शुल्क थाली गिलास  36096 बच्चों को मिले। 37681 बच्चों को नि:शुल्क यूनिफार्म बांटी है। 

प्राथमिक शिक्षक संघ छह को कलक्ट्रेट में गरजेगा 
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र  ने कहा गैरहाजिरी का गलत आंकड़ा दिया है। इसके विरोध में छह अप्रैल को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा डॉ. जितेंद्र के आवास पर बैठक हुई, इसमें निर्णय लिया। जो शिक्षक गैरहाजिर बताए,, इनमें  शिक्षिकाएं प्रसूति, बाल्य देखभाल, बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी, प्रतिकर छुट्टी और चिकित्सा छुट्टी पर हैं। कई जगह जांच टीम स्कूल का समय के बाद पहुंची, इस कारण कोई नहीं मिला है। 
विज्ञापन





 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें