अमीनगर-सराय-बड़ौत मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। एक निजी स्कूल के शिक्षक ने मंगलवार को अमीनगर-सराय-बड़ौत मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, शिक्षक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल परिवार में आपसी विवाद के कारण खुदकुशी बताई जा रही है।
मृतक आशीष रुहेला (30) बड़ौत नगर के गुराना रोड का रहने वाला था। वह बावली के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था। मंगलवार की सुबह अमीनगर सराय-बड़ौत मार्ग पर रेलवे फाटक के पास आशीष ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना जीआरपी इंस्पेक्टर चतुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर ने बताया कि परिवार में विवाद के चलते आशीष ने दिल्ली से सहारनपुर की ओर जाने वाले ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। बताया जा रहा है कि आशीष का उसकी पत्नी से कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। उधर, आशीष की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। छोटे भाई अंकित ने बताया कि आशीष घर से स्कूल के लिए निकले थे। फाटक के पास चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरने से आशीष की मौत हुई है।