20 गांव के लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी, हादसे का शिकार हो रहे लोग
कई बार शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समस्या का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते टटीरी-बली मार्ग काफी समय से बदहाल है। इससे लोग आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मार्ग जर्जर होने से 20 गांव के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर एक लॉ कॉलेज है। इसमें बागपत, मेरठ व अन्य जनपदों समेत हरियाणा के छात्र पढ़ाई करते हैं। इसी मार्ग स्थित इंटर कॉलेज में भी छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि लगभग दो किलोमीटर तक सड़क टूटी पड़ी है। बली रेलवे फाटक अंडरपास में बारिश का पानी भर जाने से मेवला, अहमद शाहपुर पदड़ा, चोपड़ा, बिचपड़ी के ग्रामीणों का इसी मार्ग से आना-जाना है। उन्होंने जल्द निर्माण न कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
कई साल से रास्ता खराब है। सड़क़ नाममात्र रह गई है। कई बार मार्ग बनवाने की मांग की जा चुकी है परंतु इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।- महाशय सुंदर
टूटी सडक़ से गुजरने वाले वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि सडक़ निर्माण की दिशा में प्रयास नहीं कर रहे हैं।-कपिल पहलवान
सडक़ के जर्जर होने के कारण छात्रों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसलिए इस परेशानी को गंभीरता से लेकर शीघ्र निर्माण कराना चाहिए।-राहुल गुर्जर
सडक़ में जगह-जगह गड्ढे होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है मगर हर बार आश्वासन मिला है।-नितिन कुमार