फूंस वाली मस्जिद पर स्कूल जा रही शिक्षिका से
कुछ युवकों ने सरेआम छेड़खानी की। शिक्षिका के शोर मचाने पर मस्जिद के पास
मौजूद कुछ युवकों ने छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को बाजार में दौड़ा दौड़ाकर
पीटा, जिससे बीच बाजार हंगामा खड़ा हो गया। भीड़ लगने से जाम लग गया। बाद
में पुलिस ने पहुंचकर भीड़ के कब्जे से एक आरोपी को छुड़ाया, जबकि बाकी भाग
गए। लोगों में गुस्सा है कि छेड़खानी रोकने के पुलिस दावे तो बहुत करती
है, लेकिन होता कुछ नहीं।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे नगर के एक स्कूल
में पढ़ाने वाली शिक्षिका अपने स्कूल जा रही थी। जब वह फंूस वाली मस्जिद
के पास पहुंची, तो वहां पहले ही बाइक पर खड़े युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़
शुरू कर दी। उसने छेड़छाड़ का विरोध करते हुए शोर मचा दिया। वहां मौजूद
युवकों ने छेड़खानी करने वालों को घेर लिया। वे भागने लगे।
लेकिन युवकों ने
उन्हें सड़कों पर दौड़ा -दौड़ाकर पीटा। इससे बाजार में अफरा तफरी मच गई।
लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। जिससे सड़क पर जाम लग गया। करीब 15 मिनट तक
बखेड़ा हुआ, लेकिन फंूस वाली मस्जिद पर तैनात पुलिस कर्मी मूक दर्शक बनकर
वहां खडे़ सब कुछ देखते रहे।
बाद में कोतवाली पुलिस जीप से वहां पहुंची और
वहां एकत्रित भीड़ से आरोपी एक युवक को छुड़ाया जबकि उसके साथी भाग निकले।
पकड़ा गया युवक बिजरौल का रहने वाला था। लोगों ने पुलिस से कहा कि शहर में
आए दिन छात्राओं युवतियां,महिलाओं से छेड़खानी हो रही है।
हालत यह है
कि वह घर से अकेली निकलने में भी डरने लगी हैं। स्कूल से आती जाती
छात्राओं, शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ तो आम बात हो गई है। पुलिस अधिकारी
छेड़खानी रोकने को लंबे चौडे़ दावे तो करते हैं लेकिन होता कुछ नहीं।
कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि इस संबंध में किसी की ओर से कोई
तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर आती है तो मामला दर्ज किया जाएगा। छेड़खानी
रोकने के लिए पुलिस की आेर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं।