संदीप और भरत के गंगनहर में डूबने का मामला
- परिजनों के मुताबिक, बागपत से बृहस्पतिवार शाम चार बजे गया था संदीप, शाम आठ बजे मां बीना की बात हुई थी
- रुड़की से हरिद्वार के लिए निकलने की बताई थी बात, सुबह चार बजे डूबने की बात गले नहीं उतर रही
- मेरठ के एसआई सुनील पूनिया ने शिकायत करते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच करने की बात कही
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रुड़की में सेल्फी लेते हुए नहर में गिरे संदीप से उसकी मां बीना की बृहस्पतिवार शाम करीब आठ बजे आखिरी बार बात हुई थी। संदीप ने तभी खुद को रुड़की बताते हुए जल्द हरिद्वार पहुंचकर खाना खाने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह चार बजे रुड़की में नहर में डूबने की बात उनके गले नहीं उतर रही है। इस मामले में मेरठ के एसआई सुनील पूनिया ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच करने की बात कही है। हालांकि परिजन भी सबसे पहले पुलिस व एसडीआरएफ के साथ उनको तलाश करने में जुटे है।
मां बीना ने बताया कि उनका बेटा संदीप अपने दोस्तों के साथ बागपत से शाम चार बजे हरिद्वार जाने की बात कहकर गया था। संदीप का अपनी मां के पास शाम आठ बजे फोन आया था तो उसने बताया कि वह रुड़की पहुंच गए है। हिदायत दी थी कि वह ठंडे पानी में नहीं नहाए, क्योंकि उसकी तबीयत खराब है। इस पर संदीप ने मां से कहा था कि वह नहीं नहाएगा। खाने के बारे में पूछा तो संदीप ने कहा था कि वह जल्द ही हरिद्वार पहुंच जाएंगे और वहां जाकर ही खाना खाएंगे। परिजनों का कहना है कि आठ बजे के बाद शुक्रवार सुबह चार बजे नहर में डूबने की बात कही जा रही है, जो उनके गले नहीं उतर रही है। वहीं, इस मामले में मेरठ के मोदीपुरम में पल्लवपुरम में रहने वाले एसआई सुनील पूनिया ने पुलिस को शिकायत दी है। इसमें पूरे मामले की जांच करने की मांग की गई है। फिलहाल परिजनों के साथ ही पुलिस व एसडीआरएफ पहले उन दोनों युवकों की तलाश में लगे हुए है। उनके फोटो बांध पर कर्मचारियों को दिए गए है, जिससे उनके बारे में कुछ पता चलने पर वह जानकारी दे सके।
एसआई के बेटे संग बागपत से थी तीनों की दोस्ती
पल्लवपुरम निवासी एसआई सुनील पूनिया की तैनाती पहले बागपत एसपी कार्यालय में थी। उनका परिवार बागपत ही रहता था और तभी से भरत पूनिया की संदीप और अभिषेक से दोस्ती थी। इसके साथ ही राकेश से उसकी जान पहचान थी और इस कारण ही यह सभी हर महीने हरिद्वार जाते रहते थे। इस दोस्ती के कारण ही भरत भी संदीप को बचाने में डूब गया।