मौजिजाबाद नांगल से बागपत वंदना चौक पर पहुंची झांकी देखते लोग
- फोटो : BAGHPAT
कलाकारों के साथ हल लेकर ट्रैक्टरों पर रवाना हुए किसान
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत / दोघट। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसान गल्तान सिंह के गांव मौजिजाबाद नांगल से गणतंत्र दिवस के लिए पहली झांकी रवाना हुई। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में किसान हुक्का गुड़गुड़ाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि दूसरे ट्रैक्टर में कलाकार भी किसानों के साथ रवाना हो गए।
दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड निकालने की देहात क्षेत्र में तैयारी शुरू हो गई है। मौजिजाबाद नांगल गांव के किसान ट्रैक्टर ट्राली में झांकी के साथ गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। किसानों की ट्रैक्टर ट्राली पर बनी झांकी रास्ते में आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ौत, सरूरपुर कलां और बागपत में ग्रामीणों ने किसानों की झांकी का अभिनंदन किया। झांकी देखने के लिए लोगों की भीड़ रही। मौजिजाबाद नांगल गांव से ट्रैक्टर परेड के लिए रवाना हुए प्रवेश, भारत पंवार, मोनू पंवार, सुधीर मुखिया, सुरेश, आजाद ने बताया वह 26 जनवरी की परेड में हिस्सा लेंगे। राजपाल शास्त्री और राजेंद्र चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैक्टरों को रवाना किया।