मंडी समिति में सब्जी विक्रेताओं पर गोली चलाने के मामले में चल रहा था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। कृषि उत्पादन मंडी समिति में सब्जी विक्रेताओं पर गोली चलाने वाले 25 हजार के इनामी शमशेर ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह ने बताया कि सात जनवरी की सुबह कृषि उत्पादन मंडी समिति में मोहल्ला अहिरान निवासी तीन युवकों ने सब्जी विक्रेताओं सोनू और कुलदीप पर पिस्टल से गोलियां चलाई थी। सोनू ने भाग कर जान बचाई थी जबकि कुलदीप के अलावा एक अन्य आदिल घायल हो गया था। इसके बाद तीनों हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक ने तीनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। नौ जनवरी की रात में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों रोहित और सौरभ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था जबकि तीसरा आरोपी शमशेर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। लगातार बढ़ते पुलिस के दबाव के चलते शमशेर ने बुधवार को बागपत न्यायालय में समर्पण कर दिया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।