- सरधना के सीओ रहे जितेंद्र सरगम की पत्नी के समर्थकों का फेसबुक पेज
- ब्रेकिंग न्यूज के नाम से वीडियो बनाकर की गई अपलोड
- सोशल मीडिया पर हुई वायरल, धामा ने कहा कि लोग जानते हैं सच
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। सूबे में जिला पंचायत के चुनाव का भले ही एलान नहीं हुआ है, लेकिन जनपद में सियासी पारा उफान पर है। सीओ सरधना जितेंद्र सरगम की पत्नी का नाम जोड़ते हुए बनाए गए ‘समर्थक वंदना सरगम’ फेसबुक पेज से भाजपा विधायक योगेश धामा पर वीडियो अपलोड कर मोर्चा खोला गया है। काठा नाव हादसे और निवाड़ा में जिला पंचायत के चेकपोस्ट के प्रकरण में विधायक पर आरोप लगाए गए हैं। ब्रेकिंग न्यूज के नाम से जारी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
खेकड़ा के बसी गांव के रहने वाले सीओ सरधना जितेंद्र सरगम की पत्नी वंदना सरगम जिला पंचायत के वार्ड 15 से चुनाव की तैयारी में है। गांव में पोस्टर लगाने के अलावा सोशल मीडिया पर चुनाव का प्रचार किया जाता है। फेसबुक पर ‘समर्थक वंदना सरगम’ के नाम से पेज भी बनाया गया है। इस पेज पर भाजपा विधायक योगेश धामा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए वीडियो अपलोड किया गया है। ब्रेकिंग न्यूज के नाम से वीडियो में एंकर जिले के पुराने प्रकरणों का जिक्र करती है, साथ ही पुराने वीडियो फुटेज भी दिखाए गए हैं। वीडियो अपलोड होते ही यह तेजी के साथ वायरल हुआ है।
उनकी छवि खराब करने की कोशिश : योगेश धामा
बागपत। भाजपा विधायक योगेश धामा का कहना है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। जनता सबका सच जानती है। किस तरह वीडियो एडिट कर गलत तरीके से लोगों को भ्रमित करने के लिए परोसे गए हैं। वह पूरी ईमानदारी से जनता के लिए जनता के बीच रहकर अपना कार्य कर रहे हैं।
फेसबुक पर छिड़ी बहस, समर्थक आए सामने
बागपत। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड होते ही पक्ष और विपक्ष बन गए। विधायक के पक्ष में भी कमेंट किए गए और विरोध में भी। फेसबुक पेज पर दिनभर बहस छिड़ी रही।
सियासी लोगों ने भी किया लाइक और शेयर
बागपत। फेसबुक पर वीडियो अपलोड होने के बाद जिला पंचायत, विधानसभा और लोकसभा की राजनीति का गुणाभाग करने वाले लोगों ने लाइक और शेयर किया है। दिनभर वीडियो चर्चा में रही।
सामने आया सच, खेमों में बंटी भाजपा
बागपत। वीडियो के सामने आते ही यह भी साफ हो गया है कि जिले में भाजपा खेमेबंदी का शिकार है। भाजपा नेताओं ने अपने ही विधायक के खिलाफ डाली गई वीडियो को लाइक, शेयर और वायरल करने में कसर नहीं छोड़ी।