पाइप लाइन जल्द ठीक कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में मेरठ-बागपत मार्ग पर सडक़ निर्माण जारी है। खोदाई के दौरान पेयजल पाइप लाइन टूटने से 30 घरों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। जिससे नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बुधवार को सड़क़ निर्माण कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर नगर पंचायत से पाइप जल्द ठीक कराने की मांग की।
कस्बे के लोगों ने बताया कि तीन दिन पूर्व सडक़ खोदाई के दौरान पेयजल आपूर्ति लाइन का पाइप टूट गया था। तभी से मोहल्ले के करीब 30 घरों में पानी आपूर्ति ठप है। इससे नागरिक परेशान हैं। उन्हें हैंडपंप के सहारे पेयजल की आपूर्ति करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बुधवार को सडक़ निर्माण कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर नगर पंचायत से पाइप लाइन जल्द ठीक कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में समाजसेवी अनिल गांधी, सोनू, जगदीश, सुनील, सत्तू, मनोज, अमित मौजूद रहे। वहीं, इस बाबत चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात तक कर्मचारी पाइप लाइन ठीक करने में लगे रहे। मोहल्ले में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है।