फाल्ट ठीक करते वक्त हो गई थी संविदा लाइनमैन की मौत
शटडाउन लेने के बावजूद आपूर्ति चालू होने से हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। करीब छह दिन पूर्व मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात संविदा कर्मचारी की फाल्ट ठीक करते वक्त हुई मौत के मामले में अधीक्षण अभियंता ने जेई को निलंबित कर दिया है। यह हादसा शटडाउन लेने के बावजूद आपूर्ति चालू हो जाने से हुआ था। इस पूरे प्रकरण में विभागीय जांच भी बैठा दी है।
आठ अगस्त को मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन आबिद (26) पुत्र इस्लाम निवासी पठानकोट की दिल्ली रोड पर आस्था अस्पताल के पीछे एचटी लाइन में फाल्ट को ठीक करते वक्त करंट लगने से मौत हो गई थी। परिजनों ने सीएचसी पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। आरोप था कि शटडाउन लेने के बावजूद आपूर्ति चालू कर दी गई। यह भी आरोप लगाया था कि जिस लाइन पर आबिद काम कर रहा था, वह अवैध रूप से खींची गई थी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता रणविजय सिंह ने मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात अवर अभियंता सतीश की लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। साथ ही विभागीय जांच भी बैठा दी है। इस संबंध में एक्सईएन द्वितीय एसके निर्भय सिंह ने बताया कि लापरवाही हुई है, इसी के चलते एसई ने जेई सतीश को निलंबित किया है।