खेकड़ा। गांव सुन्हैड़ा निवासी बाल कलाकार प्रत्यक्ष पंवार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर रिलीज हुई वेब सीरीज आर्या में शानदार अभिनय किया है। ग्रामीणों ने इस पर हर्ष जताया है।
शनिवार को रिलीज हुई सुष्मिता सेन की वेब सीरीज आर्या काफी चर्चा में है। कई साल बाद सुष्मिता सेन ने वापसी की और उनका कम बैक उनके फैंस को खासा पसंद आ रहा है। इसमें माचिस फिल्म फेम चंद्रचूड़ सिंह ने भी वापसी कर अच्छा अभिनय किया है। इन बडे़ कलाकारों के बीच खेकड़ा क्षेत्र के गांव सुन्हैड़ा निवासी बाल कलाकार प्रत्यक्ष पंवार भी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहा है। प्रत्यक्ष ने सुष्मिता सेन और चंद्रचूड़ सिंह के बेटे का रोल निभाया है। गांव सुन्हैडा निवासी रिखम सोनी ने बताया कि देव पंवार का पुत्र प्रत्यक्ष पंवार इससे पहले टीवी सीरियल तेनाली राम में भी कार्य कर चुका है। इससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है।