भगत जी स्वीट्स से खराब बालूशाही व चमचम को नष्ट कराया की खबर से संबंधित फोटो। खाद विभाग की टीम
-अमीनगर सराय में जियालाल के घेवर का नमूना भी लिया गया, जिलेभर से 11 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित भगत जी स्वीट्स व बड़ौत में रोहित स्वीट्स पर बेची जा रही खराब मिठाई को नष्ट कराया गया। साथ ही रोहित का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। अमीनगर सराय से जियालाल के घेवर का नमूना लिया गया। खाद्य विभाग की टीम ने 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे हैं और आठ मिठाई विक्रेताओं को सफाई के लिए नोटिस जारी किए गए।
सहायक खाद्य आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि दिवाली पर्व को देखते हुए बृहस्पतिवार को जिलेभर में मिठाइयों की दुकानों पर छापा मारा गया। बताया कि बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित भगत जी स्वीट्स पर जांच की तो वहां बालूशाही व चमचम खराब मिली, जिनसे बदबू आ रही थी। 90 किलो चमचम व 220 किलो सूखी बालूशाही को नष्ट कराया गया। जिनकी कीमत एक लाख 76 हजार रुपये थी। इनके अलावा काठा गांव में शुभम स्वीट्स से मावा व बेसन लड्डू का नमूना, पंजाबी स्वीट्स रामू हलवाई से मावा, बागपत में भगवान जी स्वीट्स से चॉकलेट बर्फी का नमूना लिया गया।
साथ ही बड़ौत में रोहित स्वीट्स से खोआ, चमचम, बेसन बूंदी लड्डू का नमूना लिया गया और 360 किलो बेसन बूंदी लड्डू को खराब मिलने पर नष्ट कराया, जिसकी कीमत 54 हजार रुपये थी। साथ ही साफ-सफाई पर ध्यान न देने व खामियां बरतने पर लाइसेंस निबंधित कर नोटिस जारी किया गया। इनके अलावा अमीनगर सराय में जियालाल घेवर, बड़ौत में मंगलम स्वीट्स से बर्फी का नमूना लिया गया व खेकड़ा में बिसन हलवाई को नोटिस देकर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।