बागपत के बड़ौत में होटल मैनेजमेंट के एक छात्र को मंगलवार की शाम कार में सवार पांच-छह बदमाशों ने अगवा कर लिया। जब बदमाश छपरौली रोड पर पहुंचे तो शोर मचाने पर छात्र को कार से फेंककर भाग गए। घायल अवस्था में उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन पता नहीं लग सका है।
पीड़ित छात्र कपिल पुत्र सुबोध किदवई नगर बड़ौत का रहने वाला है। वह देहरादून में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा है। वह घर आया हुआ था। मंगलवार की शाम वह घर से पैदल ही बाजार जा रहा था। इसी दौरान कार में सवार पांच-छह बदमाश आए और पिटाई कर उसे गाड़ी में डाल ले गए। जब वे छपरौली रोड़ पर पूर्वी यमन नहर के पास पहुंचे तो कपिल ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग कार के पीछे दौड़े तो कार में सवार बदमाश उसे चलती कार से फेंककर भाग निकले। घायल अवस्था में वह कोतवाली पहुंचा और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार में सवार बदमाशों की तलाश की, लेकिन हाथ नहीं लग सके है।
इस संबंध में उसने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि जांच में अभी तक यह मारपीट का मामला लग रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है। वहीं बावली रोड पर विपुल निवासी बरवाला जो नगर के एक कॉलेज में एमए प्रथम वर्ष का छात्र है। उसकी पांच-छह छात्रों ने बेरहमी से पिटाई की और भाग निकले। उसने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया है।