नेत्रदान जागरूकता के लिए स्लोगन राइटिंग, पोस्टर और पेंटिंग वेबिनार आयोजित
अग्रवाल मंडी टटीरी। 35वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत लायंस क्लब अग्रवाल मंडी डिस्ट्रिक्ट 321 सी-वन एवं जिला रेडक्रास समिति बागपत के सहयोग से वेणु आई इंस्टीट्यूट शेख सराय दिल्ली के मार्गदर्शन में नेत्रदान जागरूकता हेतु स्लोगन राइटिंग, पोस्टर और पेंटिंग वेबिनार का आयोजन कराया। इसमें जिले के पांच विद्यालयों के कक्षा नौवीं से 12वीं तक के 140 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर प्रतिभा दिखाई।
वेबिनार में समाजसेवी एवं डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विजन लायन अभिमन्यु गुप्ता ने कहा छात्र-छात्राएं नेत्रदान जागरूकता के लिए संवाहक बने हैं। कार्यक्रम संयोजक लायन पंकज गुप्ता एवं सहसंयोजक लायन मूलचंद प्रवक्ता ने बताया कि ऑनलाइन प्रतियोगिता में सेंट एंजेल्स स्कूल, सर्वोदय स्कूल अग्रवाल मंडी टटीरी, वेदांत इंटरनेशनल स्कूल अमीनगर सराय, डीएवी पब्लिक स्कूल बागपत तथा वैदिक कन्या इंटर कॉलेज अग्रवाल मंडी टटीरी के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर हिंदी व अंग्रेजी भाषा में स्लोगन एवं पेंटिंग के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के लिए जागरूक किया। विजेता छात्र-छात्राओं को छह सितंबर को कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। क्लब की अध्यक्ष लायन डॉ. कमला अग्रवाल, सचिव लायन अलका गुप्ता व कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया विजेता छात्र-छात्राओं को ईश्वर अग्रवाल द्वारा स्थापित प्रेमवती जिया लाल अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।