बिजली बिल ठीक कराने को अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं उपभोक्ता
बड़ौत। अंधेर नगरी चौपट राजा, यह मुहावरा विद्युत विभाग पर सटीक बैठ रहा है। विभाग जहां मकानों पर एक मीटर लगा होने के बाद भी दूसरा मीटर लगा रहा है वहीं काफी समय से कटे पड़े कनेक्शन के बाद भी उपभोक्ता के नाम हजारों रुपये का बिजली बिल भेजा जा रहा है। पीड़ित न्याय की गुहार लगाते हुए तहसील के चक्कर काट रहे हैं।
केस नंबर एक: तितरौदा गांव के पीड़ित उपभोक्ता सुरेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश का कहना है कि घर में पहले से ही मां स्वर्गीय कलावती के नाम पर बीआर 2610310606006 कनेक्शन पर मीटर लगा हुआ है। इसके बावजूद कुछ माह पूर्व ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने मनमानी करते हुए एक दूसरा कनेक्शन बीआर 86 पर 103091070 पर एक ओर मीटर लगा दिया। पहले कनेक्शन का बिल जमा किया, अब विभाग दूसरे मीटर पर आए बिल का भुगतान कराने का दवाब बना रहा है। कहीं पर भी सुनवाई नहीं हो रही है।
केस नंबर दो: सिनौली निवासी पीड़ित ब्रहमपाल पुत्र जिले सिंह का कहना है कि कनेक्शन किरण देवी के नाम है। 16 दिसंबर 2019 को 30 हजार का बकाया बिल जमा कराकर कनेक्शन कटवाकर कार्यालय से कटे कनेक्शन की रसीद भी प्राप्त कर ली। इसके बावजूद हाल में फिर से बिजली विभाग ने 25 हजार का बिल भेज दिया। पीड़ितों ने सामाजिक कार्यकर्ता विपिन पूनिया के नेतृत्व में एसडीएम दुर्गेश मिश्र से मिलकर न्याय की गुहार लगायी।